मंत्री लोधी की 121 किमी कांवड़ यात्रा पहुंची बांदकपुर, कांवड़ियों के साथ किया जलाभिषेक

मंत्री लोधी की 121 किमी कांवड़ यात्रा पहुंची बांदकपुर, कांवड़ियों के साथ किया जलाभिषेक
भोपाल/दमोह(राहुल अग्रवाल)-24/8/26
पंचवटी धाम, भेड़ाघाट से शुरू हुई 121 किलोमीटर लंबी पांच दिवसीय कांवड़ यात्रा देव श्री जागेश्वर नाथ धाम, बांदकपुर पहुंची। यहां मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, उनके अनुज नीतेन्द्र सिंह तथा यात्रा के नेतृत्वकर्ता सत्येंद्र सिंह ने परिवार जनों सहित हजारों कांवड़ियों के साथ मां नर्मदा के जल से भगवान जागेश्वरनाथ का जलाभिषेक किया।
इस कांवड़ यात्रा को पांच प्रमुख संकल्पों—शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, गौ संरक्षण और स्वच्छता—के साथ आयोजित किया गया। यात्रा के दौरान इन सामाजिक सरोकारों को लेकर विभिन्न अभियान भी चलाए गए।

यात्रा के दौरान जगह-जगह कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। प्रतिदिन दोपहर में सहभोज, रात्रिकालीन विश्राम और मेडिकल टीम सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी की ओर से की गई। यात्रा में हजारों कांवड़ियों के साथ विधायक, सांसद और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।

मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि यह यात्रा धार्मिक आस्था से जुड़ी होने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को समर्पित रही। उन्होंने बताया कि शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मार्ग में आने वाली शालाओं के छात्र-छात्राओं को निशुल्क पाठ्य सामग्री वितरित की गई। पर्यावरण संरक्षण के लिए विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण किया गया, जबकि नशामुक्ति का संकल्प दिलाने के साथ गौ संरक्षण के लिए गौसेवा और स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।
यात्रा के नेतृत्वकर्ता सत्येंद्र सिंह ने कहा कि हजारों कांवड़ियों के साथ यात्रा का आयोजन हुआ और इसमें प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई। उन्होंने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी समाजसेवियों और कांवड़ियों का आभार व्यक्त किया।




