एस.वी. पॉलिटेक्निक कॉलेज, भोपाल में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन प्रोग्राम-2026 का शुभारंभ

एस.वी. पॉलिटेक्निक कॉलेज, भोपाल में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन प्रोग्राम-2026 का शुभारंभ
भोपाल(राहुल अग्रवाल)-3/8/26
सरदार वल्लभभाई पॉलिटेक्निक कॉलेज, भोपाल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन प्रोग्राम-2026 का शुभारंभ आज उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में हुआ।यह कार्यक्रम 3 अगस्त से 8 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्थान के शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन, तकनीकी शिक्षा की कार्यप्रणाली तथा समग्र व्यक्तित्व विकास से परिचित कराना है।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ भारती शर्मा ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें तकनीकी शिक्षा के महत्व, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन, अनुशासन, समय-प्रबंधन, नवाचार एवं नैतिक मूल्यों के साथ अपने भविष्य के निर्माण हेतु प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि पॉलिटेक्निक शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले कुशल तकनीकी मानव संसाधन तैयार करने का आधार है।
प्रमुख प्रेरक वक्ता व लाइफ कोच डॉ. राजीव अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि, जिस प्रकार बस या ट्रेन से यात्रा करते समय सामान के वजन की विशेष सीमा नहीं होती, वहीं हवाई यात्रा के दौरान केवल निर्धारित सीमा तक ही सामान साथ ले जाया जा सकता है। इसलिए यात्री अनावश्यक वस्तुओं को पीछे छोड़कर ही उड़ान भरता है।
उन्होंने इस उदाहरण के माध्यम से समझाया कि जीवन में भी यदि हमें ऊँचाइयों तक पहुँचना है, तो अपने व्यक्तित्व से उन सभी अनावश्यक कमियों और नकारात्मक प्रवृत्तियों को दूर करना होगा जो हमारी प्रगति में बाधा बनती हैं। आलस्य, गैर-जिम्मेदारी, अनुशासनहीनता और टालमटोल जैसी आदतों का त्याग करके ही व्यक्ति सफलता की नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर सकता है।
इंडक्शन प्रोग्राम के प्रथम दिवस पर विद्यार्थियों को महाविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, खेल सुविधाओं, छात्रवृत्ति योजनाओं, एंटी-रैगिंग नियमों, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), नवाचार एवं स्टार्टअप गतिविधियों, प्लेसमेंट सेल, प्रशिक्षण एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को महाविद्यालय की परंपराओं, उपलब्धियों तथा विभिन्न छात्र गतिविधियों से भी परिचित कराया गया।
कार्यक्रम का आयोजन तीन चरणों में किया जा रहा है। संस्था स्तर पर 3 एवं 4 अगस्त को आयोजन के पश्चात इनोवेशन क्लब द्वारा विशेष सत्र 5 से 7 अगस्त को आयोजित किए जाएँगे।
तत्पश्चात विभागीय स्तर पर ओरिएंटेशन 8 अगस्त 2026 को आयोजित किए जाएँगे।
संस्था स्तर पर आयोजित सत्रों में अनुभवी प्राध्यापकों एवं विशेषज्ञों द्वारा तकनीकी शिक्षा, उच्च अध्ययन, कैरियर निर्माण, व्यक्तित्व विकास, नवाचार, उद्यमिता, डिजिटल संसाधनों के उपयोग, संस्थागत अनुशासन तथा छात्र कल्याण संबंधी विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

5 से 7 अगस्त तक इनोवेशन क्लब द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को डिज़ाइन थिंकिंग, नवाचार, स्टार्टअप संस्कृति, बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR), समस्या समाधान, रचनात्मक सोच तथा आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा से परिचित कराया जाएगा। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार क्षमता एवं उद्यमशीलता का विकास करना है।
8 अगस्त को प्रत्येक विभाग में विभागाध्यक्ष एवं संकाय सदस्यों द्वारा विभागीय परिचय सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, प्रयोगशालाओं, प्रोजेक्ट कार्य, प्रशिक्षण, औद्योगिक भ्रमण, मूल्यांकन प्रणाली एवं भविष्य की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
इंडक्शन प्रोग्राम के सफल संचालन हेतु महाविद्यालय द्वारा विभिन्न समितियों का गठन किया गया है, जिनमें स्वागत, कार्यक्रम संचालन, अनुशासन, फोटोग्राफी एवं रिकॉर्डिंग, समाचार एवं सोशल मीडिया, प्रोजेक्टर एवं स्क्रीन व्यवस्था, अल्पाहार, बैनर एवं प्रदर्शन, ध्वनि व्यवस्था तथा स्वच्छता समितियाँ सक्रिय रूप से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं।
महाविद्यालय प्रशासन का विश्वास है कि यह इंडक्शन प्रोग्राम नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए उच्च तकनीकी शिक्षा की एक प्रेरणादायी एवं सशक्त शुरुआत सिद्ध होगा तथा उन्हें संस्थान की शैक्षणिक संस्कृति के साथ आत्मीय रूप से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




