भेल अग्रवाल समाज की युवा इकाई ने शुरू की अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में निकलने वाली शोभायात्रा की तैयारी
शोभायात्रा हेतु युवा इकाई की बैठक का किया गया आयोजन

भेल अग्रवाल समाज की युवा इकाई ने शुरू की अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में निकलने वाली शोभायात्रा की तैयारी
शोभायात्रा हेतु युवा इकाई की बैठक का किया गया आयोजन
भोपाल(राहुल अग्रवाल)-19/6/26
अग्रवाल समाज भेल युवा इकाई द्वारा आयोजित बैठक में युवा इकाई के पूर्व अध्यक्ष डॉ. तनेश गोयल ने विगत तीन वर्षों से श्री अग्रसेन महाराज जयंती की पूर्व संध्या पर निकाली जा रही शोभायात्रा के उद्देश्य एवं उसके सामाजिक प्रभाव पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस यात्रा को प्रारंभ करने का उद्देश्य समाज में एकता, संगठन एवं सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता को बढ़ाना है।
उन्होंने यात्रा की निरंतर बढ़ती सफलता का उल्लेख करते हुए बताया कि, प्रथम वर्ष लगभग 350 समाजबंधुओं की सहभागिता रही, दूसरे वर्ष यह संख्या बढ़कर लगभग 500 हुई तथा गत वर्ष यात्रा में अनेक नए आयाम जोड़ने एवं मार्ग परिवर्तन के परिणामस्वरूप सहभागियों की संख्या लगभग 800 तक पहुँच गई। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष यह संख्या 1000 के पार जाएगी। इसके लिए युवा इकाई के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से तन-मन से जुटकर यात्रा को सफल बनाने का आग्रह किया।
इसके पश्चात युवा इकाई के वर्तमान उपाध्यक्ष महेश गर्ग ने इस वर्ष आयोजित होने वाली शोभायात्रा की कार्यकारिणी की घोषणा की। उनके द्वारा पुरुष विंग से सुनील कुमार गुप्ता (इंश्योरेंस) को संयोजक तथा अर्पित अग्रवाल को सह-संयोजक नियुक्त करने का प्रस्ताव रखा गया। महिला विंग से श्रीमती रूपाली हेमंत गोयल को संयोजिका एवं श्रीमती निशा आशुतोष अग्रवाल को सह-संयोजिका के रूप में प्रस्तावित किया गया।
अपने उद्बोधन में उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि समाज के नए परिवारों एवं उन लोगों को भी जोड़ा जाए जो वर्तमान में भेल क्षेत्र में निवासरत हैं, किन्तु अभी तक समाज की गतिविधियों से सक्रिय रूप से नहीं जुड़े हैं।
इसके उपरांत उपस्थित सभी सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए तथा शोभायात्रा को और अधिक भव्य, विशाल एवं प्रभावी बनाने हेतु विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के समापन सत्र में युवा इकाई के अध्यक्ष अमित मित्तल ने सभी का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि संपूर्ण युवा इकाई तन, मन एवं धन से इस शोभायात्रा को अभूतपूर्व सफलता दिलाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करेगी। साथ ही समाज के नए लोगों को जोड़ने एवं प्रत्येक अग्रबंधु तक यह संदेश पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा कि भेल क्षेत्र की यह शोभायात्रा केवल स्थानीय आयोजन नहीं, बल्कि सम्पूर्ण भोपाल के अग्रवाल समाज की एक भव्य, विशाल एवं सनातन संस्कृति से जुड़ी गौरवशाली यात्रा है।
उन्होंने समाज के सभी वरिष्ठजनों, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के अध्यक्षों, उद्योगपतियों, जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अग्रबंधुओं से मार्गदर्शन एवं सहयोग का आग्रह किया।
बैठक में युवा इकाई से तनेश गोयल, अमित मित्तल , महेश गर्ग, सौरभ अग्रवाल,अमित गुप्ता, हेमंत गोयल, श्याम मोहन अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, अमित गुप्ता, सुनील गुप्ता एवं महिला विंग से श्रीमती रानी मित्तल श्रीमती रुपाली गोयल, श्रीमती अलका गुप्ता, श्रीमती सोनल गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे
उन्होंने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” के मंगलाचरण के साथ बैठक का समापन किया।




