डॉ. कामिनी सोनी की लगातार सफल दौड़: ‘रन भोपाल रन’ में 21 किमी पूरा, अब लक्ष्य टाटा मुंबई मैराथन

डॉ. कामिनी सोनी की लगातार सफल दौड़: ‘रन भोपाल रन’ में 21 किमी पूरा, अब लक्ष्य टाटा मुंबई मैराथन
मरीजों को सलाह देने के साथ अपने जीवन में भी अपना रही पैदल चलने की राह
भोपाल(राहुल अग्रवाल)–9/12/25
आपने देखा होगा कि डॉक्टर हमेशा अपने मरीज को स्वस्थ रखने के लिए पैदल चलने की सलाह देते हैं लेकिन यहां हम आपको एक ऐसी लेडी डॉक्टर के बारे में बता रहे हैं जो अपने मरीजों को सलाह देने के साथ ही उसे अपने जीवन में भी मूर्त रूप दे रही है।जी हां हम बात कर रहे हैं पंडित खुशीलाल आयुर्वेदिक हॉस्पिटल भोपाल में पंचकर्म विभाग की हैड डॉ.कामिनी सोनी की जो लगातार लंबे समय से आयुर्वेद और पंचकर्म के माध्यम से कई मरीजों को ठीक कर चुकी है।दूसरी ओर डॉ कामिनी सोनी लगातार मैराथन दौड़ में भी हिस्सा लेती रही हैं।चाहे फिर भोपाल हो या महू हर जगह नजर आ ही जाती हैं।

राजधानी में रविवार सुबह आयोजित ‘रन भोपाल रन’ मैराथन में शहर उत्साह और जोश से सराबोर रहा। “दौड़ हिन्दुस्तानी दिल के लिए” थीम पर आयोजित इस प्रतियोगिता में 21 किलोमीटर हॉफ मैराथन, 10 और 5 किलोमीटर की श्रेणियों में धावकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
इसी श्रेणी में राजधानी की जानी-मानी फिटनेस आइकन डॉ. कामिनी सोनी ने 21 किलोमीटर की दौड़ में दमदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 2 घंटे 31 मिनट में दूरी पूरी की। यह उनकी फिटनेस, अनुशासन और निरंतरता का प्रमाण है।
रिकॉर्ड-ब्रेकिंग प्रदर्शन
डॉ. कामिनी सोनी के लिए ‘रन भोपाल रन’ हॉफ मैराथन (21 किमी) को सफलतापूर्वक पूरा करना एक और उपलब्धि है। यह उनका चौथा 21 किलोमीटर हाफ मैराथन पूर्ण करने का रिकॉर्ड है। इससे पूर्व, वे एसबीआई ग्रीन मैराथन और रनवीर 7.0 — द इन्फैंट्री हाफ मैराथन, महू जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में भी 21 किमी की दूरी 2 घंटे 42 मिनट 31 सेकंड में पूरी कर चुकी हैं। महू में वे 51 वर्ष और उससे अधिक महिला वर्ग में द्वितीय स्थान पर भी रहीं थीं। वे दिल्ली में भी 21 किमी हाफ मैराथन में भाग ले चुकी हैं।
राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियाँ
डॉ. सोनी इससे पहले भी कई राष्ट्रीय स्तर की मैराथनों में अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज करा चुकी हैं। वे अब तक 42 किलोमीटर की तीन फुल मैराथन सफलतापूर्वक पूरी कर चुकी हैं, जिनमें दो बार टाटा मुंबई मैराथन (18 जनवरी 2024 और 18 जनवरी 2025) और पचमढ़ी मैराथन शामिल हैं।
मैराथन जगत में अपने समर्पण से डॉ. सोनी ने एक अलग पहचान बनाई है। उन्हें टाटा मुंबई मैराथन (42 किमी), वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन (21 किमी), टाटा स्टील कोलकाता 25 किमी, और टीसीएस बेंगलुरु 10 किमी जैसी प्रमुख रेसों में लगातार अवॉर्ड जीत कर प्रोकेम स्लैम अवॉर्ड भी हासिल हो चुका है। इसके अलावा वे पिंक मैराथन, पंख मैराथन और भोपाल की विभिन्न 10 किमी दौड़ों में लगातार भाग लेती रही हैं।
अगला लक्ष्य: टाटा मुंबई मैराथन
‘रन भोपाल रन’ में शानदार प्रदर्शन के बाद, डॉ. कामिनी सोनी अब अपने अगले बड़े लक्ष्य की तैयारी में जुट गई हैं। वे एक बार फिर 26 जनवरी को आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित टाटा मुंबई मैराथन (42 किमी) में भाग लेने जा रही हैं। डॉ. सोनी इस प्रतियोगिता में बेहतर समय के साथ अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ने के लक्ष्य के साथ तैयारी में जुटी हैं।
उनका यह निरंतर प्रदर्शन मध्य प्रदेश की महिलाओं और फिटनेस के प्रति उत्साही लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।




